वैक्सीन लगने के बाद 60 दिनों तक होगी निगरानी
पहले जिले में स्वास्थ्यकर्मियों को लगाई जाएगी कोरोना वैक्सीन
टीकाकरण के बाद भी कोविड नियमों का पालन करना होगा जरूरी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नए साल में कोरोना की वैक्सीन आने की उम्मीद की जा रही है। यह वैक्सीन सबसे पहले जिले में स्वास्थ्यकर्मियों को लगाई जाएगी। जिन लोगों को कोरोना का टीका लगेगा उनपर स्वास्थ्य विभाग नजर भी रखेगा। 60 दिनों की निगरानी में यह देखा जाएगा कि कोई साइड इफेक्ट तो नहीं पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त उन्हें मास्क, सैनिटाइजेशन, शारीरिक दूरी जैसे नियमों का भी पालन करना होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अमित ने बताया कि जिन लोगों को टीका लगेगा उनकी निगरानी किसी विशेष व्यक्ति के जरिए नहीं होगी। वह जहां कार्यरत होंगे वहीं के प्रभारी व जिम्मेदार लोगों को यह दायित्व दिया जाएगा। किसी भी तरह की समस्या होने पर वह तुरंत कोविड कंट्रोल रूम को बताएंगे। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को ही यह टीका दिया जा रहा है ताकि वह सभी तरह के नियमों का पालन करें। भीड़भाड़ वाले स्थान पर भी जाने से बचें। नियमित रूप से हाथ धुलें। सैनिटाजर का प्रयोग करें। बिना मास्क के न निकलें।
सभी को बताया जाएगा कि टीकाकरण का अर्थ बिल्कुल नहीं कि वे सावधानी न बरतें। उन्हें अपने खानपान को भी दुरुस्त रखना होगा। भोजन में इस तरह की चीजों का प्रयोग करें जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े। इन बातों का ध्यान फिलहाल सभी को रखना चाहिए। कोरोना संक्रमण फैलने के शुरुआती समय से ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस बीमारी से जागरूक रहकर ही बचा जा सकता है।



