पुलिस ने बरामद की मिलावटी शराब की कीमत तकरीबन 38 लाख रुपए

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। यमुनापार के मांडा थाने की पुलिस ने धीरेंद्र कुमार यादव पुत्र इंद्र बहादुर यादव निवासी बकुलिया, मांडा एवं उसके भाई रवींद्र कुमार यादव को उनके गांव से गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ में पता चला कि वह दोनो सरकारी ठेकों पर मिलावटी शराब की सप्लाई करते हैं।
देशी शराब में स्प्रिट व यूरिया मिलाकर बनाते थे और नशीली
उनकी निशानदेही पर छापा मारा गया तो वहां पर एक पूरा कारखाना ही पुलिस के हत्थे लग गया। प्लास्टिक के 260 जरीकेन में भरी 12580 लीटर मिलावटी शराब बरामद की गई। पूछताछ में ही पता चला कि वह लोग देशी शराब में स्प्रिट, यूरिया आदि घातक सामान मिलाकर उसे और नशीली बनाते हैं। उसके बाद असली ब्रांड नेम के छपवाए गए रैपर शराब की शीशियों में चस्पा कर वही मिलावटी शराब सप्लाई कर देते थे। मौके से एक बोरी यूरिया खाद, 39 शीशी प्लास्टिक खाली, 70 लबल, 312 रैपर, एक ट्रैक्टर-ट्राली, बरामद किए गए।
धीरेंद्र और रवींद्र ने बताया कि उनका सरगना गोविंद जायसवाल पुत्र प्रेमशंकर जायसवाल निवासी कोठरा, जिगना, मिर्जापुर है। उसका सहयोगी राकेश यादव पुत्र राज बहादुर यादव निवासी मांडा रोड स्टेशन, टिकरी, मांडा प्रयागराज है। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि इस अंतरराज्यीय गिरोह के तार यूपी के अलावा मध्य प्रदेश और बिहार से भी जुड़े हैं। मुख्य सरगना गोविंद और राकेश की तलाश की जा रही है। इन पर गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी।




