Latest

रोडवेज की बसों को दूसरे प्रदेश आने-जाने पर रोक

( अनंत पांडेय ) प्रयागराज। कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर नियंत्रण के लिए यूपी सरकार ने रोडवेज की बसों को दूसरे प्रदेश आने-जाने पर रोक लगा दी है। प्रयागराज परिक्षेत्र के अलग-अलग डिपो की बसें मध्य प्रदेश और उत्तराखंड जाती थीं। अब यहां से बसें न जाएंगी और न ही आ सकेंगी।

हल्द्वानी के लिए चार व मध्य प्रदेश के लिए चलती थीं 11 बसें

कोरोना की चेन तोडऩे के लिए यूपी सरकार ने सख्त कदम उठाया है ताकि न्यूनतम आवागमन होने से संक्रमण का खतरा भी कम हो सके। सिविल लाइंस, जीरो रोड व मीरजापुर डिपो से दूसरे प्रदेश जाने वाली बसों पर रोक लगा दी है। इनमें चार बसें उत्तराखंड के हल्द्वानी और 11 बसें मध्य प्रदेश के रीवा, सीधी व सागर जाती थीं। शासन के आदेश के बाद तत्काल प्रभाव से इन बसों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल आदेश के अगले 15 दिन तक प्रतिबंध रहेगा। वैसे भी ज्यादातर लोग अपने घरों को लौट चुके हैं तो अब कोरोना की चेन तोड़ने के लिए जरूरी है कि बिना वजह कहीं बाहर नहीं जाया जाए।
क्षेत्रीय प्रबंधक, प्रयागराज परिक्षेत्र टीकेएस बिसेन का कहना है कि निगम मुख्यालय के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से प्रदेश के बाहर जाने वाली यूपी रोडवेज की बसों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आदेश के बाद अगले 15 दिन तक इन बसों का संचालन बंद रहेगा।

Related Articles

Back to top button