स्वास्थ्य विभाग को मिले 189 जनरल सर्जन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में एलोपैथिक चिकित्साधिकारी श्रेणी दो के तहत जनरल सर्जन और रेडियोलॉजिस्ट विशेषज्ञों की भर्ती का परिणाम उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को घोषित कर दिया। जनरल सर्जन के 590 पदों पर 189 का चयन हुआ है। दो तिहाई से अधिक 401 पद खाली रह गए।
इसमें सपना सिंह ने टॉप किया है। रत्नाकर, पुनीत कुमार, अभिनीत गुप्ता व रोहित कुमार क्रमश: दूसरे, तीसरे, चौथे व पांचवें स्थान पर हैं। 189 चयनित अभ्यर्थियों में से 9 महिलाएं हैं। 3 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित का भी चयन हुआ है। अनारक्षित श्रेणी के 49, ओबीसी 159, एससी 123, एसटी 11 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के 59 पद खाली रह गए।
वहीं रेडियोलॉजिस्ट के 75 पदों में से सात पर ही चयन हुआ है। चयनित एकमात्र महिला अभ्यर्थी श्वेता सिंह ने टॉप किया है। अनुराग शुक्ला, अमन युसूफ खान, वैभव जैन व अरविंद चौधरी क्रमश: दूसरे, तीसरे, चौथे व पांचवें स्थान पर हैं। 68 पद योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण खाली रह गए। अनारक्षित श्रेणी के 25, ओबीसी 20, एससी 15, एसटी एक व ईडब्ल्यूएस वर्ग के 7 पद खाली रह गए। दोनों भर्ती के रिक्त पदों को दोबारा से विज्ञापित करने की संस्तुति की गई है।




