बिना फोटो खिंचाए लोगों की मदद कर रहा ‘फियरलेस एंड फ्लॉलेस’ ग्रुप

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । आज के दौर में जब बेरोजगारी अपने चरम पर है और वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण लगे लॉकडाउन से अधिकांश परिवारों का दो वक्त का भोजन जुटाना मुश्किल दिख रहा है।
देश-विदेश की 14000 से अधिक महिला हैं ग्रुप की सदस्य
वैसे वक्त में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो बिना किसी मकबूलियत की चाहत में इनकी दिल खोलकर मदद कर रहे हैं। खास बात यह कि जब यह किसी की मदद करते हैं तो उसके साथ एक तस्वीर भी नहीं खिंचाते ताकि उसके स्वाभिमान को ठेस न पहुंचे।
फेसबुक पर ‘फीयरलेस एंड फ्लॉलेस’ नाम का एक ग्रुप है जिसे पिछले साल लॉकडाउन के दौरान समाज सेविका और सेंट जॉन्स एकेडमी करछना में अध्यापिका असरा नवाज ने लोगों की परेशानी और उनकी मदद को ध्यान में रखकर दस महिलाओं के साथ बनाया था। कुछ महीने बाद इसके 10000 सदस्य हो गए।
इस ग्रुप की ख़ासियत यह है कि इसमें सिर्फ महिलाएं हैं। वर्तमान में इसमें 14000 महिलाएं सदस्य बन गईं हैं, जिसमें न सिर्फ प्रयागराज बल्कि देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की हैं।
ग्रुप की संस्थापक असरा कहती हैं कि हम रोजाना अपनी टीम की कुलसुम खान, तुहिना द्विवेदी, रुचिता सचदेवा, मुस्कान वाधवा, मान्या जायसवाल, एकता जायसवाल, मुस्कान शर्मा और अन्य साथियों के साथ प्रयागराज के अस्पतालों और जरूरतमंदों को भोजन पहुंचा रहे हैं, कई गरीब परिवारों को एक माह का राशन भी दे रहे हैं। यह ग्रुप किसी से मदद के लिए नहीं कहता लेकिन कोई स्वेच्छा से कुछ देना चाहे तो इंकार भी नहीं करता। मदद के लिए मोबाइल नम्बर 7905791858 पर कॉल की जा सकती है। असरा ने हाल ही में कोरोना से ठीक हुए मरीजों के प्लाज़्मा डोनेट करने की अपील की है।


