इविवि में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की कवायद

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2021-22 में दाखिले की प्रक्रिया अभी नहीं शुरू हो सकी है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने एनटीए को भेजा पत्र।
इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से पत्र व्यवहार किया है। पत्र के जरिए नए सत्र में दाखिले के संबंध में स्पष्ट जानकारी मांगी है। हालांकि अभी तक एनटीए की ओर से इस संबंध को कोई जवाब नहीं मिला है। इविवि की ओर से जल्द ही ई-मेल के जरिए रिमाइंडर भेजा जाएगा।
विदित हो कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में नए शैक्षिक सत्र में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के जरिए प्रवेश के लिए यूजीसी ने विश्वविद्यालय को पत्र लिखा था। इसके साथ ही विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में संचालित होने वाले पाठ्यक्रमों की जानकारी मांगी गई है। विश्वविद्यालय ने स्नातक, परास्नातक, विधि एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों और उनकी सीटों आदि की जानकारी यूजीसी को भेज दी थी। इसके बाद एनटीए की ओर से प्रवेश संबंधी कोई जानकारी विवि को नहीं दी गई। इससे अभी तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
प्रवेश परीक्षा प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी ने बताया कि चार दिन पूर्व एनटीए को पत्र लिखकर प्रवेश के संबंध में जानकारी मांगी गई। लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। एक या दो दिन में ई-मेल के जरिए इस संबंध में रिमाइंटर भेजा जाएगा। यदि एनटीए की ओर से यह निर्देश मिल जाए की इस बार विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तो हम कंपनी की चयन कर प्रवेश प्रक्रिया आरंभ कर देंगे।



