Latest

गंगा घाटों पर शव दफनाने पर रोक

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रशासन ने गंगा घाटों पर शव दफनाने पर रोक लगा दी है। शनिवार दोपहर प्रशासन, पुलिस व नगर निगम की टीम देवरख गांव के सामने रेत में दफनाई गई लाशों को देखने पहुंची। स्थानीय पुलिस को घाटों पर शव दफनाने से रोकने का निर्देश दिया।

प्रशासन ने गंगा घाटों पर शव दफनाने पर रोक लगा दी

 

 

 

देवरख गांव के सामने गंगा घाट पर अधिकारियों के निर्देश पर नगर निगम नैनी जोन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक कृष्ण कुमार चंद्राकर, सुपरवाइजर सुनील कुमार, नगर निगम की एनाउंसमेंट टीम, इंस्पेक्टर नैनी सुनील कुमार वाजपेयी, चौकी प्रभारी अरैल अजय कुमार, राजस्व निरीक्षक नैनी हरदीप कुमार, लेखपाल देवरख विजय कांत पाण्डेय समेत अन्य लोग पहुंचे। टीम ने पहले घाट पर दफनाई गई 100 से अधिक लाशों का निरीक्षण किया। इसके बाद लाउडस्पीकर से शवों को न दफनाने की अपील लोगों से की। साथ ही ऐसा करने पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी। इसके बाद टीम नैनी क्षेत्र के मोहब्बतगंज गांव पहुंची। वहां भी लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से अवगत कराया कि जहां श्मशान घाट है वहां जाकर ही अंतिम संस्कार करें।
अधिकारियों ने बताया कि लोगों से लाश न दफनाने की अपील की गई है। जिन्हें अंतिम संस्कार करने में आर्थिक अड़चन आ रही है, उन्हें 5000 रुपये नगर निगम की ओर से दिया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी अपील की है कि लाश का अंतिम संस्कार न करके उन्हें दफनाने में जिन्हें भी धार्मिक समस्या आ रही है, उनके लिए नगर निगम प्रशासन एक स्थान चिह्नित करके देगा। वहां लोग लाश दफना सकेंगे, लेकिन गंगा या यमुना किनारे शव को दफनाने से रोका जाएगा।

Related Articles

Back to top button