सीमांकित करवाई पंचायत भवन की जमीन
कब्जाधारकों को जल्द कब्जा हटाने का दिया निर्देश
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मेजा के बिगहना गांव में एसडीएम मेजा रेनू सिंह राजस्व एवं पुलिस की टीम के साथ पहुंच कर पंचायत भवन की जमीन को सीमांकित करते हुए कब्जाधारकों को जल्द से जल्द कब्जा हटा लेने का निर्देश दिया। बिगहना गांव में स्थित नवीन परती पंचायत भवन के लिए सुरक्षित भूमि है लेकिन कई लोगों ने उस पर अवैध कब्जा करते हुए पक्का मकान बनवा लिया है। जबकि शासन का निर्देश है कि जिस गांव का पंचायत भवन का निर्माण कार्य लंबित है, उसे जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।
मंगलवार को उप जिलाधिकारी मेजा रेनू सिंह, राजस्व टीम संदीप मिश्रा, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, सहायक विकास अधिकारी रमाकांत पांडेय, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अजय श्रीवास्तव गांव में पहुंच कर ग्राम सभा की जमीन पर अवैध रूप से काबिज लोगों की मौजूदगी में नवीन परती पंचायत भवन के लिए सुरक्षित भूमि का सीमांकन कराया। एसडीएम मेजा रेनू सिंह ने कहा कि पंचायत भवन की आरक्षित जमीन है, जो पंचायत भवन के नाम है। इस जमीन पर जिन लोगों ने निर्माण कराया है वह गलत है। अवैध कब्जा जल्द ही खाली नहीं होता तो कब्जा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया दिया जाएगा।




