बीए की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। थाना दारागंज क्षेत्र के बीए की छात्रा ने मंगलवार सुबह अलोपीबाग में फांसी लगाकर जान दे दी। उसके इस कदम से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। छात्रा अपनी मौसी के घर में रहकर पढ़ाई करती थी । अलोपीबाग में रहने वाली रीता यादव जीआईसी में शिक्षिका हैं। उनके घर पर उनकी बहन की बेटी 20 वर्षीय अंजू रहती थी। वह बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। मंगलवार सुबह अंजू के मौसा विजय यादव ड्यूटी पर चले गए। सुबह करीब 11:00 बजे अंजू ने खाना खाया और इसके बाद वह कमरे में पढ़ाई करने चली गई ।इस बीच उसकी मौसी रीता यादव बाथरूम चली गई। थोड़ी देर बाद जब वह बाथरूम से निकली और अंजू के कमरे में गई। अंजू दरवाजा अंदर से बंद कर ली थी। उन्होंने खटखटाया, चिल्लाई लेकिन अंजू ने कोई जवाब नहीं दिया। इस दौरान उन्होंने खिड़की से झांका तो उनके होश उड़ गए। कमरे में अंजू फांसी पर लटक रही थी। शोर मचाने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा को धक्का देकर खोला गया। परिजनों ने उसे फांसी के फंदे से नीचे उतारा। मोहल्ले के डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद दारागंज पुलिस भी जांच करने पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि अंजू के घर वालों को भी आत्महत्या की जानकारी दे दी गई है। वह पहुंचने वाले हैं। पुलिस इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।




