शहर व चार ब्लॉकों में बिकेगी जैविक खाद
कूड़ा निस्तारण प्लांट में तैयार हो रही खाद की मार्केटिंग
( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मेसर्स हरीभरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बसवार कूड़ा निस्तारण प्लांट में तैयार की जाने वाली जैविक खाद को अब शहर और चार ब्लॉकों में भी बेचने की तैयारी है। जैविक खाद की मार्केटिग में मदद के लिए शनिवार को नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में प्रेजेंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एजेंसी के पदाधिकारियों ने हर महीने तैयार होने वाली खाद की मात्रा, उसकी गुणवत्ता, कीमत आदि की जानकारी दी।
अधिकारियों को अवगत कराया गया कि एजेंसी चाका, करछना, कौंधियारा और जसरा ब्लॉकों के 531 गांवों में किसानों को जैविक खाद बेचना चाहती है। इसके लिए कृषि विभाग और ब्लॉकों से मदद की जरूरत पड़ेगी। शहर में नर्सरियों, होटलों, रेस्टोरेंटों, सरकारी प्रतिष्ठानों और घरों के गार्डेन के लिए जैविक खाद की दो किलो का पैकेट तैयार किया गया है। खाद की बिक्री के लिए सभी जोनल कार्यालयों, कंपनीबाग, सब्जी मंडियों, सिविल लाइंस में सुभाष चौराहा आदि स्थलों पर स्टाल लगाने की स्वीकृति निगम की ओर से दी गई। किसानों के लिए 50 किग्रा. के पैकेट (बैग) के अलावा लूज कंपोस्ट भी उपलब्ध रहेगी। दो किलो का पैकेट 60 और 50 किलो का पैकेट 365 रुपये में मिलेगा। 50 किलो के पैकेट में 100 रुपये की छूट दी जाएगी। प्रेजेंटेशन की अध्यक्षता महापौर अभिलाषा गुप्ता ने की।



