लॉकडाउन में वसूला पौने सात करोड़ जुर्माना

*अकेले प्रयागराज में मास्क न लगाने वालों से तीन करोड़ से ज्यादा की हुई वसूली*
*सार्वजनिक स्थान पर थूकने में लिया गया चार लाख से अधिक का जुर्माना*
( संवाददाता ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। लॉकडाउन में प्रयागराजवासियों ने कोविड-19 की गाइडलाइन का उल्लंघन करके करोड़ों रुपये जुर्माना दिया है। पूरे रेंज में अब तक पौने सात करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना पुलिस वसूल चुकी है। यह रकम इतनी है कि इससे पांच अस्तपालों में ऑक्सीजन प्लांट लग सकता है।
कोविड-19 का खतरा बढ़ने के बाद मास्क न लगाने पर पहले सौ रुपये जुर्माना शुरू हुआ। महामारी बढ़ी तो जुर्माने की राशि एक हजार रुपये कर दी गई। इसके बावजूद भी प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर और प्रतापगढ़ जिलों में लोगों ने इन नियमों को ताक पर रखा और रोज लाखों रुपये जुर्माना भरा। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक सिर्फ मास्क न लगाने पर प्रयागराज में ही तीन करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया है। इसी तरह रेंज में कुल साढ़े चार करोड़ रुपये बिना मास्क के जुर्माना लिया गया। वहीं थूकने पर पुलिस ने चार लाख रुपये वसूल किया। इसी तरह यातायात नियमों का पालन न करने पर रेंज की पुलिस ने दो करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया।
लॉकडाउन में अब तक पौने सात करोड़ रुपये पुलिस ने बतौर जुर्माना वसूला है। इन रुपयों से इस महामारी में कई अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लग सकता है। जानकारों के मुताबिक एक सामान्य ऑक्सीजन प्लांट लगाने पर 50 लाख रुपये से एक करोड़ तक का खर्च है। प्लांट के अलावा ट्रांसफार्मर और पाइप लाइन लगाने का बजट भी है। लेकिन फिर भी पौने सात करोड़ रुपयों से कम से कम पांच अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट तो लगाया ही जा सकता है।

