डॉ बीके सिंह होंगे भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी

*डिप्टी सीएम की उपस्थिति में काशी प्रांत प्रभारी लक्ष्मण आचार्य ने की घोषणा*
*अध्यक्षों के चुनाव में भाजपा हासिल करेगी ऐतिहासिक जीत: केशव मौर्य*
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । भारतीय जनता पार्टी नए रविवार को प्रयागराज जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया। गंगा पार क्षेत्र के वार्ड 13 से जिला पंचायत सदस्य डॉ बीके सिंह पार्टी के प्रत्याशी होंगे। इस बात की घोषणा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में काशी प्रांत के संगठन प्रभारी लक्ष्मण आचार्य ने की। डॉक्टर सिंह के नाम की घोषणा करते हुए लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि जिले के सभी जिला पंचायत सदस्य चाहते हैं कि अध्यक्ष भाजपा का हो क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विकास के जो कार्य कराए जा रहे हैं भाजपा का अध्यक्ष होने पर और ठीक तरह से हो पायेंगे। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव के इस बयान पर की भाजपा अध्यक्ष के चुनाव में पिछड़ गई है पर तंज कसते हुए कहा कि तीन जुलाई को समाजवादी पार्टी के मुखिया को हकीकत का पता चल जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त विकास ही हमारा लक्ष्य है। श्री मौर्य ने यह भी कहा कि अध्यक्ष के चुनाव में गुंडई, अपहरण और जोर जबरदस्ती जैसा अनैतिक कार्य जो सपा के शासनकाल में होता था, वह भाजपा के शासन में नहीं होगा। डॉ वीके सिंह के नाम की घोषणा होने के पश्चात पार्टीजनों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में जिले की दोनों सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी फूलपुर और केसरी देवी पटेल, मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधायक मेजा नीलम करवरिया, विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन बाजपेई, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक कोरांव राजमणि कोल, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक दीपक पटेल, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, यमुनापार जिला अध्यक्ष विभव नाथ भारती, अनामिका चौधरी, नरेंद्र देव पाण्डेय, पूर्व प्रमुख डॉ प्रेम शंकर शुक्ल ‘मुन्नन, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी, राजू पाठक और गिरिजेश मिश्रा आदि सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता, नेता और नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरुण केसरवानी ने किया।



