वार्षिक खेलकूद के चैंपियनों को मिली शील्ड एवं प्रमाण पत्र

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के 28 वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का पुरस्कार वितरण मंगलवार को संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. अमित भारद्वाज निदेशक उच्च शिक्षा उत्तर प्रदेश प्रयागराज ने छात्र एवं छात्रा वर्ग के चैंपियनों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र वितरित किये। गत 12 फरवरी को संपन्न प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में प्रदीप यादव एवं छात्रा वर्ग में शिवानी द्विवेदी चैंपियन बनी थीं। मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि संघर्षों के प्रति धैर्य और जिजीविषा बनाए रखते हुए अपने लक्ष्य के प्रति आगे बढ़ते रहना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. बीएल शर्मा, सहायक निदेशक उच्च शिक्षा उत्तर प्रदेश प्रयागराज विशिष्ट अतिथि रहे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ सुनंदा चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र प्रदान किया। कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. भास्कर शुक्ल धन्यवाद ज्ञापन एवं डॉ. अर्चना राय ने समोराह का संचालन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय समस्त छात्र-छात्रा कर्मचारी एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे। यह जानकारी मीडिया प्रकोष्ठ से डॉ अमित कुमार मिश्र द्वारा दी गई।



