पूर्व कुलपति शैलेश कुमार शुक्ल बने पीआरएसयू के रजिस्ट्रार
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय में शैलेश कुमार शुक्ल नए रजिस्ट्रार नियुक्त किए गए हैं। शैलेश शुक्ल 2017 में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय और 2019 में लखनऊ विश्वविद्यालय में कार्यवाहक कुलपति के रुप में कार्यभार संभाल चुके हैं। शैलेश मूलत: मैनपुरी के रहने वाले हैं। उन्होंने 1984 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जेके इंस्टीट्यूट आफ एप्लाइड फिजिक्स एंड साइंस से बीटेक की डिग्री हासिल की। उन्होंने डायमंड जुबली छात्रावास में रहकर पढ़ाई की थी। वह डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी के संस्थापक कुलसचिव भी रहे हैं। इसके बाद वह राम मनोहर लोहिया अवध विवि अयोध्या, दीन दयाल उपाध्याय विवि गोरखपुर, लखनऊ विवि, ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विवि लखनऊ, छत्रपति शाहूजी महराज विवि कानपुर में कुलसचिव के पद पर रह चुके हैं। इसी साल मुक्त विवि से समाज कार्य में परास्नातक की पढ़ाई भी पूरी की। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 11 बजे तक पीआरएसयू में रजिस्ट्रार का पद ग्रहण करेंगे।
ज्ञात हो कि वह पीआरएसयू के स्थापना के बाद चौथे नियमित रजिस्ट्रार के रुप में पदभार ग्रहण करेंगे। विवि के नियमित रजिस्ट्रार शेषनाथ पांडेय 28 फरवरी को रिटायर हो गए। इसके बाद से परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुलदीप सिंह रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी निभा रहे थे।



