संदिग्ध परिस्थितियों में छात्र को लगी गोली

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मंगलवार की शाम दारागंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक प्रतियोगी छात्र घायल हो गया। उसे स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक वह खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मूल रूप से गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थानाक्षेत्र में उकरां गांव का रहने वाला राम कुमार यादव (30) पुत्र राम प्रसाद यादव दारागंज थानाक्षेत्र के बक्शी खुर्द में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। मंगलवार की शाम लगभग 7:45 बजे वह अपने एक साथी अजय यादव के साथ सब्जी खरीदने के लिए बाजार जा रहा था। रास्ते में सनी चक्की वाले के पास किसी ने पीछे से गोली चलाई और वह आकर राजकुमार के कूल्हे में लगी। गोली लगते ही वह चीख पड़ा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल राम कुमार को अस्पताल ले गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और रामकुमार से बात की। गोली किसने और क्यों चलाई, उसका निशाना रामकुमार ही था या कोई और, पुलिस इसका पता लगा रही है।



