Latest

महंगा हो गया प्रयाग से काशी का सफर अब 149 की जगह 162 रुपए देना होगा किराया

प्रयागराज(अनुराग दर्शन समाचार)। प्रयागराज और वाराणसी के बीच बस यात्रा 13 रुपए महंगी हो गई। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने गुरुवार से प्रयागराज-वाराणसी रूट का किराया बढ़ा दिया।
प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर टोल टैक्स तीन गुना से अधिक बढऩे के कारण सड़क परिवहन निगम ने यात्री किराया बढ़ाया। अभी तक साधारण बस से प्रयागराज और वाराणसी के बीच बस यात्रा के लिए 149 रुपए खर्च करना पड़ता था। अब यात्रियों को 162 रुपए किराया देना होगा।
रूट पर पहले सड़क परिवहन निगम की बसों को 195 रुपए टोल टैक्स देना पड़ता था। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने गुरुवार से बसों का टोल टैक्स बढ़ाकर 630 रुपए कर दिया। टोल टैक्स बढऩे की सूचना पर सड़क परिवहन निगम के स्थानीय प्रबंधन ने प्रयागराज-वाराणसी के बीच किराया बढ़ा दिया।
सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सीबी राम ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने प्रयागराज-वाराणसी मार्ग ने छह लेन चालू करने के बाद टोल टैक्स बढ़ाया। इससे पहले राजमार्ग के फोर लेन पर वाहनों का आवागमन होता था। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार एसी बसों का किराया 13 रुपए बढ़ा है। वाराणसी-प्रयागराज-कानपुर रूट की बसों का भी किराया महंगा हुआ है।

Related Articles

Back to top button