श्रीश मेहरोत्रा बने यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष
उपाध्यक्ष के लिए प्रदीप सिंह व राकेश पाठक के बीच टाई
( विनय मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराज दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिज्ञ परिषद (यूपी बार काउंसिल) के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सह अध्यक्ष के पदों के लिए रविवार को प्रयागराज में हुए चुनाव में बरेली से सदस्य श्रीश कुमार मल्होत्रा ने बाजी मारी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी मधुसूदन त्रिपाठी को दो मतों से पराजित किया।
अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल चार दावेदारों ने नामांकन किया था। इमरान माबूद खान और प्रशांत सिंह अटल ने अपने पर्चे वापस ले लिए। श्रीश कुमार मल्होत्रा और मधुसूदन त्रिपाठी के बीच सीधे मुकाबले में श्रीश कुमार को कुल 14 मत मिले, जबकि मधुसूदन त्रिपाठी को 12 मत प्राप्त हुए। बार कौंसिल के सभी 25 सदस्यों और महाधिवक्ता सहित कुल 26 लोगों ने मतदान किया।
उपाध्यक्ष पद के लिए लखनऊ के प्रदीप कुमार सिंह और प्रयागराज के राकेश पाठक के बीच मुकाबला बराबरी का रहा। दोनों को 13-13 मत प्राप्त हुए। दोनों को आपसी सहमति के आधार पर छह-छह माह का कार्यकाल दिया जाएगा। सह अध्यक्ष के लिए अखिलेश कुमार अवस्थी, अंकज मिश्र, जय नारायण पांडेय, प्रशांत सिंह अटल और शिव किशोर गौड़ को निर्वाचित घोषित किया गया है। सभी पदाधिकारियों का कार्यकाल छह जुलाई से एक वर्ष के लिए होगा। बार कौंसिल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य समितियों का कार्यकाल एक वर्ष के लिए होता है।
पिछले दो यूपी बार काउंसिल चुनावों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर दो-दो लोग विजयी होते रहे हैं। एक अध्यक्ष को छह माह का कार्यकाल ही मिल पाता था। इस बार अध्यक्ष पद पर तो एक ही उम्मीदवार जीता है किंतु उपाध्यक्ष पर फिर दो लोगों के जीतने से कार्यकाल बांटना पड़ेगा। हालांकि बार कौंसिल आफ इंडिया ने छह माह के कार्यकाल बंटवारे को अवैध करार दिया था। इसलिए पिछले छह माह के दूसरे अध्यक्ष को हटाते हुए कमेटी गठित की गई थी। उसे नए अध्यक्ष के चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।




