साउथ कैंप को हराकर एनएफ अकादमी बनी चैंपियन

हाजी अब्दुल रशीद स्मृति फुटबाल प्रतियोगिता, राहुल और यशवंत चुने गये सर्वश्रेष्ठ
(अनुराग शुक्ला)प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एनएफ अकादमी ने साउथ कैंप क्लब को 1-0 से हराकर हाजी अब्दुल रशीद स्मृति फुटबाल प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा जमा लिया। सल्लाहपुर स्थित शेरवानी इंटर कालेज मैदान पर मंगलवार को खेले गये फाइनल मुकाबले में पहला हाफ गोल रहित रहा। दूसरे हाफ में 49वें मिनट में रित्विक ने गोल करके एनएफ अकादमी को बढ़त दिलाई जो अंत में निर्णायक रही।
मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी ने पुरस्कार वितरित किया। कनौजिया ब्वॉयज के राहुल को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और ब्रदर्स स्पोर्टिंग के यशवंत को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहम्मद जैद और शहनाज खालिद ने अतिथियों का स्वागत एवं आयोजन सचिव शाहनवाज अहमद ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का संचालन फुटबाल प्रशिक्षक डॉ. भास्कर शुक्ल ने किया। इस मौके पर पूर्व राष्ट्रीय फुटबालर लाल मोहन यादव, भानु प्रताप सिंह, नंद किशोर, अताउल्ला खां, गणेश सिंह, कैफी, आफताब आलम आदि मौजूद रहे।



