एसआरएन में दूसरा नया ऑक्सीजन प्लांट

(अनंत पांडेय)प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना की तीसरी लहर की तैयारी के क्रम में बुधवार को स्वरूपरानी अस्पताल में नया ऑक्सीजन प्लांट लग गया। मशीन इंस्टाल होने के बाद आगे की प्रोसेसिंग शुरू हो जाएगी। अत्याधुनिक तकनीक से बन रहे इस ऑक्सीजन प्लांट के लग जाने के बाद एक साथ एक हजार मरीजों को सांसें मिल सकेंगी।
स्वरूपरानी अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट पहले से लगा है, लेकिन उसकी क्षमता 440 एलपीएम है। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की किल्लत ने डॉक्टरों को भी झकझोर दिया था। स्वरूपरानी अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने के क्रम में सरकार की ओर से एक और ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है। एसआरएन के अधीक्षक डॉ. अजय सक्सेना ने बताया कि बुधवार को ऑक्सीजन प्लांट लगाने वाली टीम आ जाएगी। स्वरूपरानी अस्पताल में एक हजार एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। यहीं पर मशीन इंस्टाल करने के बाद आगे की व्यवस्था की जाएगी। इससे भविष्य में एसआरएन में ऑक्सीजन की समस्या नहीं होगी। गौरतलब है कि स्वरूपरानी अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ही कुछ समस्याएं आ रही थीं। कूलिंग की समस्या और बर्फ जमने की बात सामने आने पर सेना के इंजीनियर मदद के लिए पहुंचे थे। सेना के जवानों ने उसे ठीक किया था।




