300 परीक्षा केंद्रों पर वार्षिक व सम सेमेस्टर की परीक्षाएं
( विनय मिश्रा )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय में स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष (बीकॉम को छोड़कर) और परास्नातक के सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 जुलाई से ऑफलाइन मोड में होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारी लगभग पूरी कर ली है। मंडल के चारो जनपद (प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और फतेहपुर) में 300 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची गुरुवार को जारी कर दी जाएगी। शनिवार को प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। संबंधित छात्र वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा की तैयारी तकरीबन पूरी हो गई है। परीक्षा केंद्रों पर कोविड गाइड लाइन के तहत गेट पर थर्मल स्कैनिंग और सेनिटाइजर, मॉस्क के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। एक कमरे में अधिकतम 30 छात्रों को बैठाया जाएगा।
विदित हो कि बीए और बीएससी द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की एवं बीकॉम अंतिम वर्ष की परीक्षाएं कराई जाएंगी। साथ ही पीजी और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं होंगी। एक विषय के एक प्रश्नपत्र की परीक्षा 1.30 घंटे में कराई जाएगी।

