हर महीने राजभवन जाएगा विश्वविद्यालयों का रिपोर्ट कार्ड

( आनंत पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। हर महीने की पांच तारीख को राज्य के सभी विश्वविद्यालयों को शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक गतिविधियों का ब्योरा राजभवन भेजना होगा। जारी आदेश में 55 पन्ने के प्रोफार्मा में विश्वविद्यालय की सभी गतिविधियों की रिपोर्ट कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल को भेजने को कहा गया है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की रजिस्ट्रार डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि इस कार्य के लिए एक टीम का गठन किया गया है। जिसे अपनी रिपोर्ट तीन तारीख तक देने को कहा गया है। उस रिपोर्ट को 5 तारीख तक राजभवन भेज दिया जाएगा। राजभवन के निर्देश के मुताबिक जिन मुख्य सूचनाओं की जानकारी कुलाधिपति को देनी है। उसमें विभागवार हो रहे शोध, शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित शोधार्थियों के लेख, उपाधि वितरण की स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धियां, लाइब्रेरी, संबद्धता सहित समस्त विभागीय गतिविधियों की जानकारी है। साथ ही विश्वविद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति, वित्त व लेखा से संबंधित सूचनाएं भी मांगी गई है। वहीं सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि विश्वविद्यालय की सारी सूचनाओं को एकत्रित कर राजभवन भेजने की तैयारी शुरू हो गई है।




