विहिप गोरक्षा विभाग के प्रांत मंत्री पहुंचे बेली कांजी हाउस वहां का नजारा देख रह गए दंग

बजरंग दल के विभाग संयोजक विजय पांडे ने कर्नलगंज थाने में केस दर्ज कराया
(अनुराग शुक्ला) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नगर निगम संचालित बेली कांजी हाउस में रविवार को एक गाय की मौत होने पर हंगामा हुआ। हिंदू संगठन के लोगों का आरोप था कि अव्यवस्था से गाय की मौत हुई है। हंगामा होने की सूचना पर कर्नलगंज की पुलिस भी पहुंच गई। लोगों को समझा कर शांत कराया गया। कांजी हाउस में शराब की खाली बोतलें भी मिलीं। इस पूरे वाकये से हिंदू संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। विश्व हिंदू परिषद, गौरक्षा विभाग काशी प्रांत के मंत्री लालमणि तिवारी ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित बेली कांजी हाउस में अव्यवस्था की शिकायत मिल रही थी। इस पर विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा विभाग के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ रविवार सुबह बेली कांजी हाउस पहुंचे तो ताला बंद मिला। वहां कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। उन्होंने फोन से डीएम, एडीएम सिटी, नगर मजिस्ट्रेट व नगर आयुक्त को जानकारी दी। कांजी हाउस का कर्मचारी मोहम्मद शाहनवाज और पशुधन अधिकारी डाक्टर नीरज सिंह वहां पहुंचे। कांजी हाउस का ताला खोलने पर अंदर गंदगी फैली थी। पशुओं को चारा भी नहीं मिला था, वहां के स्टोर में चूनी-चोकर भी नहीं था। उन्होंने बताया कि कांजी हाउस में क्षमता से अधिक गोवंश थे। इनमें से एक गाय की मौत हो गई थी। आरोप लगाया कि भूख-प्यास से तड़पकर गाय की मौत हुई है। कांजी हाउस के कमरे में दर्जनों अंग्रेजी शराब की खाली बोतलें भी मिली। नगर निगम के पशुधन अधिकारी का कहना है कि कांजी हाउस में करीब 50-60 गाएं हैं। उनकी निगरानी और देखभाल के लिए 6 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। इसी दौरान कई लोग अपने मवेशियों को तलाशते हुए कांजी हाउस पहुंचे। उन्होंने भी अव्यवस्था की शिकायत की। बजरंग दल के विभाग संयोजक विजय पांडे ने कर्नलगंज थाने में केस दर्ज कराया। घटनास्थल पर विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के सर्व श्री अमर नाथ तिवारी, पवन शुक्ला, शिवम द्विवेदी, अमित सिंह, नवीन, अंकित, सुजीत सोनकर, राजेंद्र मिश्रा सहित सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद थे l



