सीरो सर्वे को जिला 31 जोन में बंटा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ग्रामीण इलाकों के लोगों की एंटीबॉडी है या नहीं, इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग जुटाएगा। खून का नमूना लेकर लखनऊ लैब जांच के लिए भेजा जाएगा। शासन के निर्देश के अनुसार, सीरो सर्विलांस के तहत जून के पहले सप्ताह से जिले के ग्रामीण इलाकों में सर्वे शुरू होगा।
अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ मोहनजी श्रीवास्तव के अनुसार, ग्रामीण इलाकों के लोगों में एंटीबॉडी का पता लगाने के लिए सर्वे होगा। इसके लिए प्रयागराज को 31 जोन में बांटा गया है। एक गांव के 24 घरों का सर्वे किया जाएगा। पूरा गांव सर्वे में शामिल हो, इसके लिए चारों दिशाओं से छह-छह घर में टीमें जाएंगी। शुरुआती चार घर से एक-एक महिला व पुरुष सर्वे में शामिल किए जाएंगे। आशय है कि आठ महिला व आठ पुरुष का ब्लड सैंपल के लिए लिया जाएगा।
अपर स्वास्थ्य निदेशक के अनुसार, सर्वे के दौरान बच्चों को भी शामिल किया गया है। एक गांव के 24 में से आठ घर के बच्चों का ब्लड सैंपल भी एंटीबॉडी के लिए लिया जाएगा। इसमें वहीं बच्चे शामिल किए जाएंगे, जिनकी आयु 18 साल से कम है।




