उमरे: 86 फीसदी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें बहाल , 418 ट्रेनों की स्पीड 130 किमी प्रतिघंटा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कोरोना महामारी की पहली और दूसरी लहर ने ट्रेनों के संचालन पर ब्रेक लगा दी थी। अब महामारी का प्रकोप थमा तो रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ज्यादातर मेल, एक्सप्रेस ट्रेनें बहाल कर दीं। उत्तर मध्य रेलवे की बात करें तो अब 86 फीसदी ट्रेनें पटरी पर दौड़ने लगी हैं। बची हुई ट्रेनों को भी जल्द दौड़ाने की तैयारी है।
मौजूदा वक्त में प्रयागराज जंक्शन से हर रोज अमूमन 210 ट्रेनें गुजरने लगी हैं। मुंबई रूट की ट्रेनों की आवाजाही की वजह से भीड़ के मामले में छिवकी स्टेशन भी कम नहीं है। यहां से हर रोज 38 ट्रेनों की आवाजाही होने लगी है। प्रयागराज संगम, रामबाग समेत अन्य स्टेशन भी अब गुलजार हो गए हैं।
उत्तर मध्य रेलवे ने मिशन ”रफ्तार” के तहत तमाम ट्रेनों की रफ्तार तेज कर दी है। कोरोना के दौरान रेलवे ने अपने सिस्टम को काफी सुधारा। ऐसे में जोन में चल रही 418 ट्रेनों की अधिकतम स्पीड 110 से बढ़ाकर अब 130 किमी कर दी गई। सिर्फ 224 ट्रेन ही ऐसी रह गई हैं जिनकी स्पीड 110 किमी प्रतिघंटा है। रेलवे का दावा है कि अगले कुछ माह में जोन में तकरीबन सभी ट्रेनों की स्पीड 130 किमी तक कर दी जाएगी। सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा के मुताबिक, रेलवे बोर्ड के प्रोजेक्ट मिशन रफ्तार के तहत ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने पर काम चल रहा है। अधिकांश ट्रेनों की स्पीड बीते दो माह के दौरान ही बढ़ी है। पहले एनसीआर जोन में 774 ट्रेनों में से 132 ट्रेनों की ही अधिकतम स्पीड 130 किमी प्रतिघंटा थी।




