नो पार्किंग जोन के नाम पर हो रही मनमानी वसूली

जिम्मेदार मौन, खराब हो रही सरकार की छवि
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नगर क्षेत्र के शाहगंज खुल्दाबाद तथा कोतवाली आदि थाना क्षेत्रों में नो पार्किंग जोन के नाम पर वाहन स्वामियों से मनमानी रुपयों की वसूली की जा रही है। आश्चर्य की बात यह है कि जिम्मेदार लोग मामले से अंजान बने हुए हैं। आम लोगों से की जा रही अवैध धन उगाही से सरकार की छवि बिगड़ रही है।
जानकारी के मुताबिक प्राइवेट ट्रेन संचालक कुछ लड़कों के साथ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घूमते रहते हैं। जहां इन्हें सहुलियत दिखती है वहां से यह कुछ दो पहिया और चार पहिया वाहनों को उठाकर खुल्दाबाद थाना परिसर में बने अस्थाई कार्यालय के पास वाहनों को खड़ा करते हैं और फिर वाहन स्वामियों से सौदेबाजी होती है। सौदा तय हो गया तो लेन-देन करके गाड़ी छोड़ दी जाती है और यदि बात नहीं बनी तो चालान कर दिया जाता है। बताया जाता है कि ट्रेन संचालक यातायात पुलिस और नगर निगम के बीच अनुबंध है लेकिन क्रेन के साथ सादे कपड़ों में युवकों को छोड़कर कोई नहीं होता है। न यातायात पुलिस के लोग और न ही नगर निगम का कोई जिम्मेदार अधिकारी। कई बार वाहन स्वामियों, क्रेन संचालकों और उनके सहयोगी लड़कों के बीच विवाद भी होता है। लोगों का आरोप है कि गाड़ियां उठाने वाले लड़के दुर्व्यवहार करते हैं। वाहन उठाने वाले लड़कों की कार्यप्रणाली को देखते हुए इस बात की भी आशंका जताई गई कि चोरी होने वाली गाड़ियों में भी इनकी संलिप्तता हो सकती है। कई बार ऐसा होता है कि नो पार्किंग जोन के नाम पर गाड़ियां उठाने वाले यह लोग गाड़ियां लेकर चले जाते हैं और गाड़ी मालिकों को पता ही नहीं चलता कि उनकी गाड़ी कौन और कहां ले गया है। नो पार्किंग जोन से उठाए जाने वाले अधिकांश वाहन कोतवाली क्षेत्र के जान सेंगनी घंटाघर और शाहगंज थाना क्षेत्र के लीडर रोड से होते हैं। वाहनों को उठाए जाने के संबंध में शहर कोतवाल से बात की गई तो उन्होंने ऐसी किसी जानकारी से इनकार किया।


