Latest

यूपीपीएससी: लॉकडाउन के बाद पहली लिखित परीक्षा में 56 फीसदी अनुपस्थित

( अनंत पांडेय )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना की दूसरी लहर के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पहली लिखित परीक्षा रविवार को हुई। यूनानी चिकित्साधिकारी के 25 पदों पर भर्ती के लिए आयोग के लखनऊ कार्यालय में सुबह 11 से एक बजे की पाली में परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए पंजीकृत 2053 अभ्यर्थियों में से 903 (43.98 प्रतिशत) ही उपस्थित हुए। 1150 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे।
कोरोना के कारण आयोग को 15 जनवरी को जारी भर्ती कैलेंडर संशोधित करना पड़ गया था। पीसीएस प्री समेत कई परीक्षा टालनी पड़ गई थी। 10 जून को संशोधित कैलेंडर जारी हुआ था। यूनानी चिकित्साधिकारी की स्क्रीनिंग परीक्षा पहले और दूसरे दोनों कैलेंडर में 25 जुलाई को प्रस्तावित थी। कोरोना नियंत्रण में आने के बाद आयोग ने एक जुलाई से सीधी भर्ती के साक्षात्कार शुरू कर दिए थे। एक अगस्त को आयोग की बड़ी परीक्षा होनी है। पहली बार पीसीएस से अलग होने जा रही सम्मिलित राज्य कृषि सेवा प्रारंभिक परीक्षा प्रयागराज, लखनऊ व गाजियाबाद केंद्रों में होगी। 564 पदों के लिए होने जा रही इस परीक्षा में 73 हजार से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

Related Articles

Back to top button