Latest

कुएं में मिली युवक की लाश, प्रेमिका और तीन भाई हिरासत में

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। गंगापार के हंडिया इलाके में युवक की हत्या कर लाश को कुएं में फेंकने का मामला सामने आया है। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। उसकी लाश कुएं से बरामद हुई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए उसकी प्रेमिका और तीन भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोप है कि लड़की के भाइयों ने ही युवक को मारकर लाश कुएं में फेंक दी।
उतरांव थाना अंतर्गत चिथौली गांव निवासी मुकेश कुमार (22) ने इंटर तक की पढ़ाई की थी। वर्तमान में वह अपने बड़े भाई सुरेश कुमार के साथ शहर के कीडगंज थाना अंतर्गत बैरहना में फल का ठेला लगाता था। शनिवार को मुकेश बड़े भाई की बाइक लेकर घर जाने के लिए निकला था लेकिन रविवार तक वह न तो घर पहुंचा और न ही वापस आया। इससे परेशान भाई ने सोमवार को हंडिया कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की तहरीर दी। उसने शक जताया कि उसका भाई मुकेश सैदाबाद में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां गया था, जिसकी बेटी के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। वहीं से कुछ गड़बड़ हुई है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर जांच शुरू की। सोमवार शाम उसकी बाइक सैदाबाद में सड़क के किनारे लावारिस खड़ी मिली। परिजनों के शक के आधार पर पुलिस ने मुकेश की प्रेमिका के भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
बुधवार को पुलिस ने मुकेश की प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सख्ती करने पर बुधवार रात 9:30 बजे लड़की ने बताया कि मुकेश मर चुका है। उसकी लाश गांव के बाहर कुएं में पड़ी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गांव के बाहर रात में 10: 30 बजे कुएं से मुकेश का शव निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुकेश के भाई सुरेश ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या लड़की और उसके घरवालों ने की है, क्योंकि मुकेश अक्सर युवती से बात करता था और मिलने जाया करता था। मुकेश का प्रेमिका से मिलना लड़की के घरवालों को को पसंद नहीं था। इसी वजह से उसकी हत्या कर दी गई। एसपी गंगापार धवल जायसवाल ने बताया कि हिरासत में लिए गए चारों लोगों से पूछताछ की जा रही है। अभी यह साफ नहीं है कि मुकेश की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि उसकी मौत का कारण क्या है।

Related Articles

Back to top button