Latest

पहले चरण में सहसों से रीवा रोड तक बनेगी इनर रिंग रोड

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आगामी कुंभ के मद्देनजर एनएचएआई ने इनर रिंग रोड परियोजना को दो चरणों में बनाने के प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया है। कुंभ को देखते हुए प्रथम चरण में रीवा रोड से सहसों तक इनर रिंग रोड का निर्माण कराया जायेगा।

आधा दर्जन तहसील के 155 गांव होंगे प्रभावित

शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर प्रस्तावित इनर रिंग रोड परियोजना जिले के 155 गांवों से होकर गुजरेगी।
एनएचएआई ने परियोजना को दो चरणों में पूरा कराने का खाका खींचा है। करीब 10 हजार करोड़ रुपये की इस इनर रिंग रोड का पहले चरण में निर्माण करीब 27 किलोमीटर होगा। इसके तहत आगामी कुंभ मेला के मद्देनजर रीवा रोड से इसकी शुरुआत की जाएगी। पहले कौड़िहार के कसारी गांव के पास एनएच-2 से रिंग रोड का निर्माण शुरू होना था। अब रीवा रोड से होकर जीटी रोड पर महुआरी, लवायन कला होते हुए अंदावा के रास्ते रिंग रोड को आगे ले जाकर सहसों में मिलाया जाएगा। इसके बाद इसे एनएच-2 से जोड़ दिया जाएगा। अंतिम प्रस्ताव के मुताबिक 68 किलोमीटर लंबी इनर रिंग रोड छह तहसीलों से होकर गुजरेगी। इनमें सदर तहसील के साथ सोरांव, करछना, फूलपुर, बारा और हंडिया तहसील के कुल 155 गांवों के किसान प्रभावित होंगे। अफसरों के अनुसार, इस परियोजना के लिए एनएचएआई की ओर से 402 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित करने का प्रस्ताव है। प्राधिकरण की कोशिश है कि रिहायशी इलाके कम से कम शामिल किए जायें ताकि परियोजना के निर्माण में लोगों के घर और प्रतिष्ठानों को नुकसान न पहुंचे।

Related Articles

Back to top button