स्मार्ट सिटी बैठक: कार्यों की धीमी गति पर मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मंडलायुक्त संजय गोयल की अध्यक्षता में शनिवार को गांधी सभागार में प्रयागराज स्मार्ट सिटी लिमिटेड की प्रगति समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
सभी संबंधित कार्यों के लंबित टेंडर एक माह के भीतर पूरा करने के दिये सख्त निर्देश
हर प्रोजेक्ट का तकनीकी प्रशिक्षण पाँच दिन में हो पूरा-मंडलायुक्त
स्मार्ट सिटी के अंतर्गत हो रहे कार्यों की धीमी गति पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी संबंधित कार्यों के लंबित टेंडरों को एक माह के भीतर पूरा करवाने के निर्देश दिये। मंडलायुक्त ने विभागीय एनओसी न मिलने से लंबित कार्यों के निस्तारण के लिए सीईओ स्मार्ट सिटी को संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने को कहा। मंडलायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि हर प्रोजेक्ट का तकनीकी प्रशिक्षण पाँच दिन में पूरा हो जाना चाहिए। परियोजनाओं पर बिंदुवार चर्चा करते हुए इलाहाबाद पब्लिक लाइब्रेरी के भवन संरक्षण एवंं उसकी पुस्तकों के डिजिटलाइजेशन के लिए किए जा रहे कार्यों में सिविल एवं संरक्षण कार्य को प्राथमिकता पर टेंडर निकालने का निर्देश दिया।
महामना मालवीय स्टेडियम में विकसित किए जा रहे स्मार्ट स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा करते हुए मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी तकनीकी पैमानों पर क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी एवं संबंधित विभाग से अनुमोदन लेने के पश्चात ही अंतिम लेआउट तैयार किया जाय, जिससेे कार्यों के अंतिम निष्पादन के समय किसी प्रकार की समस्या न आए।
स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत शहर में प्रस्तावित चार टूरिस्ट इनफॉरमेशन सेंटरों पर चर्चा करते हुए मंडलायुक्त ने उन्हें राजस्व के परिपेक्ष से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से वह निरंतर चलते रहेंगे। बैठक में मौजूद जिलाधिकारी संजय खत्री ने कहा कि लंबित परियोजनाओं के बेहतर निष्पादन के लिए साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक अनिवार्य है। उन्होंने भूमि संबंधी प्रकरणों में लिखित में अनुमोदन लेने के बाद ही कार्यों को आगे बढ़ाने का सुझाव दिया। बैठक में शहर में विकसित किए जा रहे 75 स्मार्ट शौचालयों की लोकेशन पर भी चर्चा हुई, जिस पर मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी की जीपीएस मार्किंग अनिवार्य रूप से हो। उन्होंने स्मार्ट शौचालयों को सुंदर बनाने एवं उनमें हाइजीन मेंटेन करने पर भी जोर दिया। बैठक में विभिन्न स्मार्ट रोड, स्मार्ट स्कूल, मल्टी एक्टिविटी प्ले सिस्टम, जो कि लगभग 50 विद्यालयों में विकसित करने का प्रस्ताव है तथा अन्य वित्तीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक में नवनियुक्त उपाध्यक्ष प्रयागराज विकास प्राधिकरण अरविंद सिंह चौहान, नगर आयुक्त रवि रंजन, मुख्य अभियंता नगर निगम सतीश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



