मेडलिस्ट के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगी कमेटी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में सत्र 2020-21 के लिए 23 सितंबर को प्रस्तावित दीक्षा समारोह की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। कुलपति के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया गया है। यह कमेटी मेडल पाने वाले मेधावियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगी।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 23 सितंबर को दीक्षा समारोह की तैयारी तेज
जल्द ही अतिथियों के नाम पर भी अंतिम मुहर
रजिस्ट्रार प्रोफेसर एनके शुक्ल की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक रसायन विज्ञान विभाग की प्रोफेसर वंदना सिंह को कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग के प्रो. आशीष खरे और वाणिज्य संकाय के प्रो. आरके सिंह को बतौर सदस्य इस कमेटी में शामिल किया गया है। यह कमेटी इविवि के चारों संकाय और विभागों से मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन करेंगे। इसके बाद मेडलिस्ट के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। इस कमेटी का गठन करने का निर्णय कुलपति की अध्यक्षता में ऑनलाइन मोड में सभी संकायों के डीन और विभागाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में लिया गया। 23 सितंबर को इविवि का स्थापना दिवस भी है। ऐसे में दोनों समारोह एक साथ ही आयोजित करने की तैयारी है। फिलहाल अभी तक यह नहीं तय हो सका है कि समारोह ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन मोड में होगा। हालांकि, इविवि प्रशासन का कहना है कि कोविड की स्थितियों को देखते हुए इस पर कोई निर्णय लिया जाएगा। जल्द ही अतिथियों के नाम पर भी अंतिम मुहर लग जाएगी। साथ ही यह भी तय हो जाएगा कि इस बार किस शख्सियत को मानद उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। फिलहाल इविवि प्रशासन अभी से इस मसले पर मंथन करने में जुट गया है।




