सेंट्रल जेल के अंदर 176 करोड़ से बन रही एक और जेल

( अनंत पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सेंट्रल जेल नैनी के अंदर एक और जिला जेल बन रही है। 176 करोड़ की लागत से बन रही इस जेल का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
इस साल के अंत तक काम पूरा हो जाएगा। इस जेल में सभी आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। जिला कारागार जेल में तीन हाई सिक्योरिटी सेल बनाया जा रहा है। नैनी सेंट्रल जेल में 2060 कैदियों के रहने की वास्तविक क्षमता है, जबकि सजायाफ्ता समेत चार हजार से अधिक कैदी बंद हैं। इस कोरोना काल में कैदियों की सुरक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी चिंता जताई थी।
सवाल यह था कि जेलों में कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन कैसे होगा। अब नैनी जेल में इस समस्या का समाधान जल्द होने की उम्मीद है। नए कारगार में 2600 कैदियों के रहने की व्यवस्था होगी।
नैनी जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडेय ने बताया कि जिला कारागार जेल का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। दिसंबर 2021 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। इस जिला कारगार में सुरक्षा के मद्देनजर विशेष इंतजाम किया गया है।
सब कुछ सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। इस जेल में महिलाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। महिलाओं के लिए बन रही अलग बैरक में उनके बच्चों के लिए क्रेच भी तैयार किया जा रहा है।




