मोपेड की डिग्गी से उड़ाए 4.21 लाख उचक्कों ने सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी को लगाई चपत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । औद्योगिक क्षेत्र स्थित महुवारी गाव के समीप बाइक सवार दो बदमाश सोमवार को सेना के एक पूर्व नायब सूबेदार की मोपेड की डिग्गी से चार लाख इक्कीस हजार रुपए लेकर फरार हो गए।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। औद्योगिक क्षेत्र के महुआरी गाव निवासी रघुराज सिंह सेना में नायब सूबेदार थे। सोमवार दोपहर वह अपने नाती सत्यम के साथ नैनी स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा पहुंचे।
उन्होंने दो खातों से चार लाख इक्कीस हजार और 49 हजार रुपए निकाले। 49 हजार रुपए को दूसरे अकाउंट में जमा कर बाकी 4.21 लाख रुपये एक बैग में रखकर मोपेड की डिग्गी में रखने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए।
रास्ते में आईटीआई कंपनी गेट के पास रघुराज फल खरीदने के लिए रुके। जब वह फल खरीद रहे थे, तभी पल्सर बाइक सवार दो लड़के आए और उनकी मोपेड की डिग्गी से नकदी से भरा बैग निकालकर भाग गए। रघुराज ने देखा तो शोर मचाया।
लोग जुटे लेकिन इतनी देर में बाइक सवार अपराधी फरार हो चुके थे। रघुराज से सूचना पाकर नैनी थाने की पुलिस भी वहां आ गई। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। फुटेज में बदमाशों का हुलिया देखने का प्रयास किया जा रहा है।
अनुमान है कि उचक्के बैंक से ही पीछे लग गए थे। यह भी आशंका है कि बदमाश बैंक के भीतर भी रहे होंगे और उन्होंने रघुराज को पैसे लेकर बैग में डालते और मोपेड की डिग्गी में रखते भी देखा होगा। इसी आशंका के चलते बैंक के भी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है ताकि कुछ सुराग मिले।




