Latest

गला रेतकर हत्या करने वाला मनोरोगी गिरफ्तार

साइको किलर ने की थी पार्षद की मां की हत्या

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कीडगंज थाना क्षेत्र के परेड मैदान स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास करीब दो सप्ताह पहले मु_ीगंज के पूर्व पार्षद शैलेंद्र मिश्रा की मां की गला रेतकर हत्या करने के जुर्म में पुलिस ने मंगलवार को एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया जो मनोरोगी है और गला रेतकर हत्या करने का आदती हो चुुुुका है। उससे पूछताछ की गई तो पता चला कि शंकरगढ़ क्षेत्र में भी उसने दो लोगों की हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक वह साइको किलर है। अकेले देखकर वह किसी को भी मौत के घाट उतार देता था।
मु_ीगंज निवासी स्व. कमला प्रसाद मिश्रा की पत्नी नब्बे साल की रामश्रृंगारी मिश्रा चार नवंबर को भोर में करीब चार बजे पैदल ही गंगा स्नान को निकली थीं। इसके बाद उनका पता नहीं चला था। पांच नवंबर की दोपहर उनका शव परेड मैदान स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास मिला था। धारदार हथियार से उनका गला रेता गया था। हत्यारे की तलाश में लगी थी। मंगलवार सुबह पुलिस ने परेड मैदान के पास से एक संदिग्ध शख्स को पकड़ा। उसे थाने लाकर पूछताछ की गई तो वह उल्टा-सीधा बोलने लगा। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कड़ाई दिखाई तो उसने अपना नाम रमेश पासी पुत्र राम बहादुर निवासी पूरे बदलू बघला थाना लालापुर बताया। कुबूला कि उसने वृद्ध महिला की हत्या की थी। उसने यह भी बताया कि शंकरगढ़ में उसने दो लोगों को मौत के घाट उतारा था। इसमें से किसी को न तो वह जानता था और न ही उनसे उसकी कोई रंजिश थी। वह किसी को अकेला देखता तो उसे मार डालने की सोचने लगता था। यह सुनकर उससे पूछताछ में जुटे पुलिसवालों के माथे पर पसीना आ गया। एसपी सिटी दिनेश सिंह का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपित से अभी पूछताछ की जा रही है। वह साइको किलर है। उसने तीन हत्याएं की हैं।

इनसेट….

दो दिन में दो को मार डाला

प्रयागराज। रमेश ने 10 नवंबर की रात शंकरगढ़ के शिवराजपुर पुलवैसा गांव स्थित बड़ेदेवन मंदिर के बगल 50 वर्षीय एक अधेड़ की हत्या की थी। जिसकी उसने हत्या की थी, उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसके सिर पर वार किया गया था। पुलिस ने अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके ठीक दूसरे दिन 11 नवंबर की सुबह आठ बजे शौच को गए दिनेश कोल पुत्र रामलाल निवासी कचारी शंकरगढ़ का गला उसने धारदार हथियार से रेत दिया था। इसमें कुछ लोगों ने रमेश को देख लिया था, जिस पर उसके खिलाफ शंकरगढ़ थाने में नामजद मुकदमा दर्ज हुआ था। हत्यारे रमेश ने दिनेश की हत्या कर उसका मोबाइल छीन लिया था। वह किसी को फोन भी नहीं कर रहा था। शंकरगढ़ पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो उसने लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। बार-बार मोबाइल की लोकेशन कीडगंज क्षेत्र में मिल रही थी। जिस पर कीडगंज पुलिस से संपर्क कर पूरी बात बताई गई और फिर मोबाइल को ट्रेस करते हुए पुलिस ने साइको किलर को गिरफ्तार कर लिया।

 

छह माह से घर से था गायब

प्रयागराज। पुलिस की जांच में पता चला है कि हत्यारा रमेश छह माह से घर से गायब है। वह अजीब-अजीब हरकतें करता था। गांव में वह कभी भी किसी को मारने-पीटने लगता था। करीब छह माह पहले वह निकला तो वापस नहीं लौटा। उसके परिवार वालों ने भी कुछ दिन तक उसकी तलाश की और फिर चुपचाप घर में बैठ गए।

Related Articles

Back to top button