यूपी बोर्ड: मार्च के अंत में 2022 की परीक्षा प्रस्तावित
( अनंत पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं मार्च 2022 के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित की गई हैं। अगले साल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मार्च के अंत में परीक्षाएं प्रस्तावित की गई हैं। अमूमन हाल के वर्षों में फरवरी के मध्य में परीक्षाएं शुरू होती रही हैं। सचिव यूपी बोर्ड दिव्यकांत शुक्ल की ओर से 14 अगस्त को जारी 2021-22 के शैक्षणिक कैलेंडर में खास यह कि 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को तीन बार प्रायोगिक परीक्षा देनी होगी। कोरोना काल में परिणाम तैयार करने में हुई कठिनाई को देखते हुए इस बार गृह परीक्षा से लेकर बोर्ड परीक्षा तक में कई अहम बदलाव किए गए हैं।
विभिन्न कक्षाओं में ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षण कार्य क्रमश: 20 मई व 16 अगस्त से शुरू हो चुका है। 10वीं और 12वीं के छात्रों को नवंबर के द्वितीय सप्ताह में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा देनी होगी। 24 से 31 जनवरी तक प्री बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी जबकि फरवरी के चौथे सप्ताह में बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। नवंबर के तीसरे सप्ताह में अर्द्धवार्षिक लिखित परीक्षा होगी जो कि मासिक शैक्षिक पंचांग में 15 नवंबर तक सभी विषयों के लिए निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर होगी। दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक छात्र-छात्राओं के प्राप्तांक यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। कक्षा 9 से 12 तक सभी कक्षाओं में ऑनलाइन व ऑफलाइन शिक्षण कार्य पूरा किया जाएगा।
प्री बोर्ड की लिखित परीक्षा और कक्षा 9 व 11 की वार्षिक गृह परीक्षा फरवरी के प्रथम सप्ताह में होगी। प्री बोर्ड और वार्षिक गृह परीक्षा के प्राप्तांक फरवरी के तीसरे सप्ताह में वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।



