गांवों में 150 करोड़ से संवरेगी सीवर व जलापूर्ति व्यवस्था
पानी के लिए नलकूपों पर निर्भरता कम करने की निगम की तैयारी
( अनंत पांडेय )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। लखनऊ और वाराणसी की तरह प्रयागराज नगर निगम भी म्यूनिसिपल बांड जारी करेगा। बांड के माध्यम से करीब 150 करोड़ रुपये शेयर मार्केट से कर्ज के रूप में लेने की तैयारी है। इस रकम से नए शहरी सीमा में पानी की सप्लाई और सीवरेज की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की योजना है। उम्मीद जाहिर की जा रही है कि सिस्टम सुधारने के बाद लोगों को पानी और सीवर की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
नगर निगम सीमा का विस्तार होने से नगरीय क्षेत्र करीब दो गुना से ज्यादा बढ़ गया है। विस्तारित क्षेत्र में जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था सुनिश्चित कराना निगम के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। इन दोनों प्रोजेक्टों पर सबसे ज्यादा धनराशि खर्च होना तय है। इसलिए निगम प्रशासन ने फैसला लिया है कि म्यूनिसिपल बांड जारी होने से कर्ज के रूप में जो रकम ली जाएगी, उसे इन व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने में खर्च किया जाएगा। म्यूनिसिपल बांड जारी करने में मदद के लिए निगम ने मुंबई की एजेंसी एके कैपिटल का चयन किया है। अधिकारियों की एजेंसी के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक भी हो चुकी है। पदाधिकारियों ने करीब दो सौ करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाने के लिए अधिकारियों से कहा है। इसमें से 50 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट निगम को अपने मद से तैयार करना होगा। इसके लिए मंथन चल रहा है। बहरहाल, नए शहरी सीमा में नलकूपों पर पानी की निर्भरता कम करने की योजना बनी है। इसके लिए नैनी, झूंसी और फाफामऊ क्षेत्रों में भी करैलाबाग की तरह रा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (इंटेकवेल) बनाने की योजना है।




