मुविवि: 10 शहरों में बीएड एवं बीएड स्पेशल की प्रवेश परीक्षा 28 को
( अनंत पांडेय )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की बीएड एवं बीएड (विशिष्ट शिक्षा) प्रवेश परीक्षा- 2021 का आयोजन 28 अगस्त को सुबह 10 बजे से एक बजे तक किया जाएगा। बीएड एवं बीएड (विशिष्ट शिक्षा) प्रवेश परीक्षा- 2021 के संयोजक प्रो. पीके पांडेय ने बताया कि बीएड एवं बीएड (विशिष्ट शिक्षा) प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 10 शहरों आगरा, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज तथा वाराणसी में होगी। परीक्षा के लिए 8142 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने गुरुवार को प्रवेश परीक्षा समिति तथा कोर कमेटी के सदस्यों संग समीक्षा बैठक की। प्रवेश परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन से परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त कराने के लिए आग्रह किया गया है। प्रयागराज में 1600 से अधिक अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। प्रयागराज में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।




