पुत्र की सलामती को लेकर महिलाओं ने रखा ललही छठ का व्रत

( विनय मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )।आज पुत्र की सलामती और लंबी उम्र की मांग को लेकर शनिवार को प्रयाग नगरी में ललही छठ की पूजा की गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर पुत्र की दीर्घायु की कामना की और मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान कई स्थानों पर वेदियां बनाकर सामूहिक रूप से ललही छठ की पूजा की गई। पुजारी द्वारा स्थानीय मंदिर परिसर में वेदी बनाकर व्रती महिलाओं ने छठ का पूजन किया। इस दौरान छठी मइया के महात्म्य की चर्चा की गई। धूप-दीप, नवैद्य के अलावा फल-फूल और विभिन्न तरह के प्रसाद मां को अर्पित किए गए। इसके बाद घर पहुंच कर विविध पकवान बने। छठ के मौके पर घर-घर मंगल गीत गाए गए। इससे पूर्व शुक्रवार को ललही छठ की तैयारी में बाजारों में भारी भीड़ रही। देर रात तक पूजा के सामान और बच्चों के खिलौने आदि की खरीदारी होती रही। शनिवार को व्रती महिलाओं ने मां को महुआ और पंचमेवा का प्रसाद विशेष रूप से अर्पित किया। पूजा को लेकर मंदिरों पर व्रती महिलाओं की भीड़ पूरे दिन लगी रही। इस दौरान मेले का भी आयोजन किया। इस मौके पर औरतों द्वारा व्रत रख कर पुत्रों के दीर्घायु की कामना की। प्रात: सूर्योपासना के साथ महिलाओं ने व्रत रखा और अपने पुत्रों के सुखी जीवन और लंबी उम्र की कामना की। पर्व के चलते नगर के विभिन्न तालाबों और शिव मंदिरों में सुबह से ही व्रति महिलाओं की भीड़ लगी रही। प्राचीन शिव मंदिर पर ललही छठ पूजा पर महिलाएं सुबह से ही पहुंचने लगी थीं। इस दौरान पूजा की थाली को आकर्षक ढंग से पत्तों से सजाकर ललही छठ देवी की पूजा की गई। मदिर पर दिन भर व्रती महिलाओं का आना जाना लगा रहा ।महिलाओं ने बताया कि परिवार की समृद्धि और पुत्र की दीर्घायु के लिए व्रत रहती हैं। मान्यता है कि ललही छठ पर व्रत रहने से पुत्रों की आयु बढ़ती है। इस दौरान शिव मंदिर दिन भर गुलजार रहा।




