इविवि में ऑडिटोरियम बनाने को हरी झंडी

( विनय मिश्रा )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के लिए बहुउद्देशीय भवन बनाने की अड़चन दूर हो गई है। छावनी परिषद और रक्षा संपदा विभाग ने रक्षा भूमि पर भवन बनाने के लिए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) दे दिया है।
डेढ़ हजार लोगों के बैठने की होगी क्षमता
अब रक्षा मुख्यालय से स्वीकृति मिलने का इंतजार है। इसके बाद भवन का निर्माण शुरू किया जा सकेगा।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय को लीज पर दी गई रक्षा भूमि पर स्मार्ट सिटी के तहत बहुउद्देशीय भवन बनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए रक्षा संपदा कार्यालय से एनओसी मांगा गया थी। पूरी योजना देखने के बाद पहले रक्षा संपदा विभाग ने अनुमति दी। इसके बाद छावनी बोर्ड ने भी भवन बनाने को हरी झंडी दे दी। दो विभागों से एनओसी मिलने के बाद चैथम लाइन स्थित भूमि पर प्रस्तावित भवन की फाइल मंजूरी के लिए रक्षा मुख्यालय भेजी गई है। छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी माने अमित कुमार बाबूराव ने बताया कि एनओसी देने के बाद भवन की फाइल मुख्यालय भेजी गई है। जल्द मुख्यालय से फाइल को स्वीकृति मिलने की संभावना है।
स्मार्ट सिटी के तहत इलाहाबाद विश्वविद्यालय के लिए प्रस्तावित बहुउद्देशीय भवन में 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसका खाका प्रयागराज स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने तैयार किया है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण भवन का निर्माण कर सकता है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि भवन में सभी तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो सकेगा।



