इविवि दाखिले: अब करें 15 जुलाई तक आवेदन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय और संघटक महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2020-21 के तहत स्नातक, परास्नातक समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइ न आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई। अब 15 जुलाई तक छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकेंगे। यह निर्णय प्रवेश प्रकोष्ठ की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
दरअसल, इविवि में शैक्षणिक सत्र 2020-21 में प्रवेश के लिए 25 मार्च से ही ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए थे। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते तमाम छात्रनेताओं ने विरोध शुरू कर दिया था।
ऐसे में दो दिन बाद इविवि प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया स्थगित करने का फैसला लिया। दो दिन में कुल 2900 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
कुल 300 ने फीस जमाकर आवेदन पत्र सबमिट भी कर दिया था। इसके बाद चार मई को प्रवेश प्रकोष्ठ की बैठक में 10 मई से आवेदन मांगे जाने पर मुहर लगी।
इसके बाद 49 दिनों में 76342 छात्र-छात्राओं ने अंतिम तौर पर आवेदन फॉर्म सबमिट किया। जबकि, पिछले वर्ष 27 दिन में एक लाख 13 हजार ने लोगों ने प्रवेश को फार्म भरा था। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रोफेसर प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि कोरोना के कारण आवेदन की संख्या कम होने के चलते प्रवेश प्रकोष्ठ ने अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला लिया है। वहीं, संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट-2020) में जुलाई के पहले सप्ताह से आवेदन मांगे जाने की तैयारी है।


