आतंकी मो.जीशान कमर को जल्द ही प्रयागराज लाया जाएगा

जीशान को प्रयागराज समेत कई अन्य जिलों में विस्फोट करने और हथियार जुटाने की थी जिम्मेदारी
एक वांछित है लेकिन उसका नाम सार्वजनिक नहीं
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आतंकी मो.जीशान कमर को जल्द ही प्रयागराज लाया जाएगा। उससे इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) को बनाने और उसमें मदद करने वालों का भी चेहरा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल बेनकाब करेगी। अभियुक्त को कस्टडी रिमांड मिलने के बाद प्रयागराज लाकर छानबीन करने की कवायद तेज कर दी है। वही जीशान ने पाकिस्तान में हथियार चलाने व बम धमाका करने की ट्रेनिंग ली थी। वही सूत्रों का कहना है कि आतंकी जीशान कमर और ओसामा स्पेशल सेल की हिट लिस्ट में है। दोनों को पाकिस्तान में हथियार चलाने और बम धमाका करने की 15 दिन की ट्रेनिंग दी गई थी। जीशान को प्रयागराज समेत कई अन्य जिलों में विस्फोट करने और हथियार जुटाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
वही इस आधार पर स्पेशल सेल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आतंकी जीशान ने किस-किस स्थान को धमाके के लिए चिह्नित किया था। अपने आकाओं के कहने पर वह किस तरह की तैयारी कर रहा था और इसके लिए कितने लोगों से संपर्क किया था। स्लीपिंग माड्यूल को विस्तार देने के लिए उसने क्या माध्यम और कौन सा रास्ता अपनाने का प्लान बनाया था। इस बारे में उससे विस्तृत पूछताछ हो रही है। यह भी कहा जा रहा है कि अब तक की छानबीन में कई जानकारी हाथ लगी है। आतंकी के लैपटाप और पेन ड्राइव से कुछ सुराग मिले हैं, जिसके जरिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। जीशान ने कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनके बारे में साक्ष्य जुटाए जा रहे है।वही सूत्रों का यह भी कहना है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक शख्स को वांछित भी घोषित किया है, लेकिन उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। वह व्यक्ति भी करेली इलाके का ही रहने वाला है और जीशान की गिरफ्तारी के बाद से फरार चल रहा है। ऐसे ही कुछ और अहम जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि के बाद स्पेशल सेल आतंकी जीशान को लेकर प्रयागराज आएगी। फिर उसकी निशानदेही पर कुछ और हथियार की बरामदगी हो सकती है।



