इलाहाबाद समाचारदेशप्रदेश

इलाहाबाद: युवक को व्हाट्सएप नंबर पर मिला ‘ISIS’ एजेंट बनने का मैसेज

इलाहाबाद। इलाहाबाद में रविवार को एक युवक को आतंकी संगठन आईएसआईएस इंडिया के व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़े जाने का मामला सामने आया है. युवक को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर भारतीय एजेंसियों की खुफिया जानकारी मांगी गई है. इस मैसेज के आने के बाद से युवक और उसका परिवार दहशत में है. मामला सामने आने के बाद पीड़ित युवक ने धूमनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इस मामले में एसएसपी नितिन तिवारी ने कहा कि ऐसा पहला मामला यहां पर सामने आया है. एफआईआर दर्जकर साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है.

धूमनगंज इलाके के मुंडेरा निवासी एक युवक महाराष्ट्र के ठाणे स्थित लोकमान्य नगर पांडा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है. इन दिनों वह अपने घर आया हुआ है. युवक ने शिकायत दर्ज कराई कि गुरुवार को घर में वह मोबाइल पर मूवी देख रहा था. तभी अचानक एक व्हाट्सएप आईडी से एक मैसेज आया. उसका नंबर आईएसआईएस इंडिया ग्रुप में जोड़ दिया गया है. यह देखकर उसके होश उड़ गए. वह तुरंत उस ग्रुप से लेफ्ट हो गया, लेकिन उसे फिर ग्रुप में जोड़ दिया गया.

बता दें कि आईएसआईएस इंडिया नाम के ग्रुप से आए मैसेज में अंग्रेजी में लिखा कि क्या तुम हमारे आर्गनाइजेशन में बतौर जासूस काम करना चाहते हो. अगर तुम हमारे साथ काम करने को तैयार हो अपना पता और पेशा मैसेज करो. तुम्हे 5000 डॉलर हर महीने इंडियन एजेंसी की जानकारी हमें देने के लिए दिए जाएंगे. ध्यान रहे तुम सब हमारी साइबर आर्मी चिह्नित किए गए हो. हम जानते हैं तुम हमारा साथ दोगे, बिना कोई सवाल किए.

इस मामले में एसएसपी नितिन तिवारी ने कहा कि ऐसा पहला मामला यहां पर सामने आया है. पीड़ित युवक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button