एक साथ तीन हत्याओं पर सपा ने कहा प्रदेश में जंगलराज

प्रयागराज, 7 मई। मान्डा थाना क्षेत्र के आँधी गाँव में बुधवार की रात को सोते समय एक दम्पति और उसकी युवा पुत्री की धारदार हथियार से हत्या किए जाने और हत्यारों का अभी तक पता नहीं चल पाने पर सपा ने इस घटना की बेहद खौफनाक और जघन्य बताते हुए प्रदेश में जंगलराज का आरोप लगाया है ।
बता दें कि बुधवार की रात में आँधी गाँव निवासी नंदलाल यादव (50),उनकी पत्नी छबिला देवी (45)और पुत्री राज दुलारी (16)अपने पुश्तैनी घर से कुछ दूर स्थित पाही पर रोजाना की भांति सो रहे थे कि सोते में ही उनकी हत्या कर दी गई l सुबह यह खबर जंगल में आग की तरह फैली तो आस पास के लोंगो का जमावड़ा लग गया ।
तिहरे हत्या कांड की सूचना पाते ही सपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह ने तत्काल समाजवादीपार्टी कार्यालय लखनऊ में वरिष्ठ नेताओं को भी घटना से अवगत कराया और स्थानीय पुलिस के शीर्ष अधिकारियों से बात की।
सपा नेता नरेंद्र सिंह ने कहा कि बेखौफ बदमाशों ने तीन दिन पहले खीरी थाना क्षेत्र में संजय शुक्ल की गला काटकर हत्या कर दी थी l नरेंद्र सिंह ने इसे सरकार और पुलिस की कमजोरी बताते हुए यमुनापार मे लगातार बढ़ रहे अपराधों के ग्राफ पर रोष जाहिर करते हुए घटना का खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।
विधानपरिषद सदस्य श्री बासुदेव यादव ने तिहरे हत्या कांड पर दुख व्यक्त करते हुए भाजपा की प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया।
नि वर्तमान जिला अध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह,महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेख़ार हुसैन, पंधारी यादव, राजेंद्र पटेल, डॉ मान सिंह यादव, दुर्गा गुप्ता एवं जिला प्रवक्ता दान बहादुर मधुर सहित अन्य सपा नेताओं ने इस जघन्य हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से जनपद में हो रही लगातार ह्त्या, लूट जैसी वारदातों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है ।



