मुख्य अतिथि का हुआ अपमान तो छात्रों ने काली पट्टी बाँध कर मनाया काला दिवस
इलाहाबाद। विदित हो कि 24 जनवरी को शिक्षाशास्त्र विभाग के राष्ट्रीय संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में आये इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलपति रतन लाल हांगलू का कुछ बाहरी नेताओं एवं महाविद्यालय के कुछ उपद्रवी छात्रों ने विरोध किया था एवं संगोष्ठी को रुकवा दिया था।
जिसके विरोध में सोमवार को महाविद्यालय के छात्रों ने काली पट्टी बाँध कर उनका विरोध जताया एवं इस दिन को काला दिवस के रूप में घोषित किया।
साथ ही साथ छात्रों का यह कहना था कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा बाहरी नेताओं के आने पर पूर्णतः रोक लगाया जाये, क्योंकि बाहरी नेता महाविद्यालय में आकर महाविद्यालय की छवि को खराब करते हैं।
सभी छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन से यह अपील भी की है कि उपर्युक्त घटना के दोषियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही भी की जाये ताकि भविष्य में ऐसा घृणित कार्य किसी के भी द्वारा न किया जा सके।
सभी छात्रों ने एक साथ “अतिथि देवो भवः” का नारा भी लगाया। छात्रों का यह भी कहना था कि अगर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई तो वो कक्षाओं का बहिष्कार करेंगे, एवं कार्यवाही होने तक काली पट्टी बाँध कर कक्षाओं में पढ़ने जाएंगे।
इस मौके पर फैज़ल सिद्दीकी, अर्पित गौर, नीतीश कुमार मिश्र,मो० शारिक, मयंक, अरविन्द, सचिन, प्रसून, इत्यादि कई महाविद्यालय के छात्र उपस्थित रहे।



