कोरोना: 84 संक्रमितों में 60 शहरीवासी

बाजार और मार्केट में नहीं हो रहा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन
(अनुराग शुक्ला)प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण भले ही कमजोर पड़ा है, लेकिन खत्म नहीं हुआ है। गांव की तुलना में शहर के लोग अधिक लापरवाही बरत रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े इसकी पुष्टि कर रहे हैं। बीते 15 दिन पर गौर करें तो 75 फीसदी संक्रमित शहरी हैं। दो प्रवासी भी संक्रमित हुए हैं। इनमें से एक की मौत भी हुई।
कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आई है। इसके बावजूद विभाग तीसरी लहर को लेकर कोई चूक नहीं चाहता है। लोगों को कोरोना नियमों के पालन की सलाह दी जा रही है। शहरवासी नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 15 दिन में कुल 84 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 60 शहर के अलग-अलग मोहल्लों के हैं। 22 संक्रमित ग्रामीण इलाकों से हैं। नोडल डॉ. एके तिवारी का कहना है कि शहर में अधिक संक्रमितों की प्रमुख वजह भीड़ का जुटना व कोरोना नियमों का उल्लंघन है। मास्क बगैर लोग घूम रहे हैं, सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने तीसरी लहर को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

