आउटसोर्स महिला पुरुष कर्मियों ने एसआरएन अस्पताल के मेन गेट के सामने किया विरोध प्रदर्शन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। गुरुवार सुबह आठ बजे से ही आउटसोर्स महिला पुरुष कर्मियों ने एसआरएन अस्पताल के मेन गेट के सामने विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। सात महीने तक बिना एक पैसा दिए काम कराने के बाद ड्यूटी पर जाने से रोकने से परेशान 52 आउट सोर्स महिला पुरुष नर्सिंग स्टाफ ने गुरुवार को सुबह से स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने नारे लगाते हुए कहा कि उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। अब उन्हें कहा रोजगार मिलेगा। उनका कहना है कि ड्यूटी करने से रोकने पर वे बुधवार को प्रिंसिपल डा. एसपी सिंह के पास भी पहुंचे थे। उन्हें अपनी पीड़ा बताई थी। यह भी कहा कि अब तक उन्हें एक रुपये भी पारिश्रमिक नहीं मिला है। इस पर उनसे कहा गया कि आउट सोर्स कंपनी के जरिए सभी को काम पर रखा गया था। यह सभी नियुक्तियां मात्र तीन महीने के लिए थीं। इसके बाद क्यों और किसने कार्य लिया उसकी जानकारी नहीं है। फिलहाल तीन महीने का पारिश्रमिक कब और कैसे मिलेगा, इस संबंध में भी कुछ स्पष्ट नहीं कहा गया। आखिर जब सभी लोग महामारी के डर से घरों में थे तब नर्सिंग स्टाफ से ड्यूटी ली गई और वेतन भी नहीं दिया गया, अब अचानक हटा भी दिया गया, यह कहां तक न्याय संगत है। आखिर अब वह कहां रोजगार पाएंगे। आउट सोर्स करने वाली कंपनी को खबर मिली तो अधिकारियों ने आकर स्टाफ को शांत कराने की कोशिश शुरू की।

