ग्रीन स्वीट हाउस गली में नगर निगम ने अतिक्रमण हटाया

मजार पहले हटाई जाए, उसके बाद अतिक्रमण हटाया जाए
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज नगर निगम द्वारा ग्रीन स्वीट हाउस वाली गली बनवाई जा रही है। लेकिन, गली के निर्माण में स्थानीय लोगों द्वारा नालियों के ऊपर बनवाए गए शौचालयों, दुकानों और चबूतरों के कारण व्यवधान हो रहा था। लिहाजा, अतिक्रमण हटाने के लिए निगम की टीम शुक्रवार को करीब 11 बजे पहुंची। अधिकारियों द्वारा अवैध कब्जा हटवाने की कार्रवाई शुरू की गई। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों को घेर लिया। लोग उन पर दबाव बना रहे थे कि गली के बीच में बनी मजार पहले हटाई जाए, उसके बाद अतिक्रमण हटाया जाए। मगर, अधिकारी उसे हटाने को तैयार नहीं थे।
अधिकारियों का कहना था कि यह प्रशासन का मसला है। इसी बात पर करीब दो घंटे तक हंगामा होता रहा। मामला शांत न होते देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। उसके बाद नालियों के ऊपर बने दो शौचालय, दुकान के शटर, चबूतरे समेत 10 अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई में जोनल अधिकारी संजय ममगई, क्षेत्रीय अवर अभियंता राम सक्सेना, अतिक्रमण निरोधी दस्ता शामिल था। उल्लेखनीय है कि प्रयागराज शहर में कई मोहल्लों में सड़क पटरी पर इस तरह से अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया है कि आवागमन बाधित होता है। नगर निगम की टीम जाती है तो लोग विरोध करने लगते हैं।



