नगर निगम सीमा में आया औद्योगिक क्षेत्र

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नैनी औद्योगिक क्षेत्र अब नगर निगम के दायरे में आ गया है। शहरी सीमा में शामिल होने के बाद उद्यमियों को अब अनुरक्षण शुल्क के स्थान पर हाउस टैक्स देना होगा।
बढ़ेंगी सुविधाएं, सर्किल रेट पर लगेगा हाउस टैक्स
नगर निगम वित्तीय वर्ष 2021-22 से क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों से गृहकर की वसूली की तैयारी कर रहा है। गृहकर वसूली से पहले नगर निगम क्षेत्र का सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वेक्षण के बाद औद्योगिक क्षेत्र का सर्किल रेट तय होगा। सर्किल रेट के आधार पर गृहकर निर्धारित होगा।
शहरी सीमा में शामिल होने के बाद औद्योगिक क्षेत्र की सफाई, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट आदि का अनुरक्षण नगर निगम करेगा। अभी क्षेत्र के अनुरक्षण की जिम्मेदारी यूपीसीडा के पास है। अनुरक्षण के बदले यूपीसीडा औद्योगिक इकाइयों से सालाना अनुरक्षण शुल्क लेता है।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र का जल्द सर्वे कराकर सर्किल रेट तय किया जाएगा। यूपीसीडा के क्षेत्रीय अधिकारी मयंक मंगल ने कहा कि यदि नैनी औद्योगिक क्षेत्र शहरी सीमा विस्तार का हिस्सा बना है तो सारी नागरिक सुविधाएं नगर निगम देखेगा। नई व्यवस्था के तहत औद्योगिक इकाइयों से लिए जाने वाले वाले गृहकर का 60 फीसदी क्षेत्र में खर्च करना होगा।


