यूपी बोर्ड: 15 जनवरी से होंगी प्री बोर्ड परीक्षाएं
लखनऊ के स्कूलों में दो प्री-बोर्ड परीक्षा कराने का लक्ष्य
( विनय मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। यूपी बोर्ड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कक्षाओं की पहली प्री बोर्ड परीक्षाएं 15 जनवरी से शुरू होंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। यह पहली प्री बोर्ड परीक्षा होगी। स्कूलों को 25 जनवरी तक परीक्षा करानी होगी। स्कूलों को 30 जनवरी तक उत्तर पुस्तिकाएं जांचकर फरवरी के पहले सप्ताह में स्कूल टॉपर के नाम डीआईओएस कार्यालय में उपलब्ध कराने होंगे। कार्यालय के स्तर पर इन छात्रों के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र संचालित करने का फैसला लिया गया है।
राजधानी लखनऊ के स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं से पहले दो प्री-बोर्ड परीक्षा कराने का लक्ष्य निर्धारित है। पहली परीक्षा 15 से 25 जनवरी और दूसरी एक मार्च से कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पहली प्री बोर्ड परीक्षा के बाद सभी स्कूलों से उनके प्रश्न पत्र और मॉडल आंसरशीट मांगी गई है। इन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से अन्य स्कूलों के छात्रों को उपलब्ध कराया जाएगा। छात्रों को अभ्यास करने के ज्यादा अवसर मिल सकेंगे। इसके अलावा स्कूल टॉपर के लिए जिला स्तर पर विषय विशेषज्ञ विशेष कंटेंट भी तैयार कर रहे हैं। इन्हें काउंसलिंग सेशन के दौरान उपलब्ध कराया जाएगा।



