जीवन को अनुशासित ढंग से जीना ही सफलता की कुंजी : डॉ आरके टंडन

(अनुराग शुक्ला )प्रयागराज( अनुराग दर्शन समाचार )। हमारे जीवन में अनुशासन का बहुत महत्व है। जैसे ही अपने जीवन में अनुशासन की उपेक्षा की वैसे ही जीवन की लयबद्धता टूट जाती है और सब कुछ अनियंत्रित हो जाता है। इसलिए जीवन को सदैव अनुशासित ढंग से जीना चाहिए, जो हमारी सफलता की कुंजी है। यह बातें बुधवार को टैगोर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ.आर.के टंडन ने विद्यालय में विगत वर्ष अनुसाशन समिति एवं विद्यालय कार्यकारिणी समिति में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं और योगदान देने वाले विद्यार्थियों के लिए ‘सम्मान समारोह’ में छात्रों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक हम अनुशासन की डोर में बंधे रहते हैं, तब तक जीवन में सब कुछ व्यवस्थित रहता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना तिवारी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए अपने उत्तरदायित्व को जिम्मेदारी से निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अनुशासन समिति के सभी सदस्यों के पूरे वर्ष किये गये कार्यों की प्रसंशा की।
इस अवसर पर प्राइमरी से सीनियर सेकेंडरी तक के लगभग सौ से अधिक विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर मुख्य अतिथि और प्रधानाचार्या ने सम्मानित किया। इसमें प्रमुख रूप से हेड ब्वॉय राजशेखर, हेड गर्ल श्रेया अग्रवाल, हेड प्रीफेक्ट अब्दुल अहमद एवं श्रानंया, गीतांजली हाउस के कैप्टन मोहम्मद अदनान, वर्षा हाउस की गुनशिता केसरवानी, चित्रा हाउस के अक्षय सिंह आदि रहे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों के अलावा क्रीड़ाध्यक्ष विजय राय, साधना मिश्रा एवं आशीष कुमार भी उपस्थित रहे।



