अखाड़ा परिषद के समर्थन में आए अखाड़ों के आचार्य महामंडलेश्वर

आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी व आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशनंद गिरि ने दिया समर्थन
( अनुराग शुक्ला )हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार)। बॉलीवुड फिल्मों, वेब सीरीज और टेलीविजन धारावाहिकों में हिंदू देवी, देवताओं, संत महात्माओं और महापुरुषों के अपमान और उनका मजाक बनाने वाली फिल्मों का विरोध कर रहे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के समर्थन में संत समाज सामने आ गया है। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि और श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि ने अखाड़ा परिषद का समर्थन किया। संतों ने इस मामले में केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने और अपमान किए जाने के खिलाफ कड़ा कानून बनाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ऐसा ना हुआ तो संत समाज और प्रबुद्ध वर्ग को बॉलीवुड के बहिष्कार का आह्वान करना पड़ेगा।
आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी महाराज ने कहा भारतीय संविधान किसी को भी देश के किसी नागरिक की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की इजाजत नहीं देता। भले ही माध्यम कोई क्यों ना हो। ऐसी प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगनी चाहिए और इस तरह का कृत्य करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि ने कहा कि ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है। इस पर रोक लगना अब अनिवार्य हो गया है। केंद्र और राज्य सरकारों को इस दिशा में गंभीरता से सोचना होगा। नहीं तो आने वाले दिनों में दिक्कतें खड़ी होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह सब अतिशीघ्र बंद नहीं हुआ तो बड़ा जनांदोलन खड़ा करना पड़ेगा।


